यमुनोत्री में बर्फबारी, निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश









यमुनोत्री धाम सहित यमुनाघाटी क्षेत्र के सम्पूर्ण ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को जमकर बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में भी दिनभर बारिश होती रही। जिससे पूरी यमुनाघाटी शीतलहर की चपेट में आ गई। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।सोमवार को सुबह से ही यमुनोत्री धाम सहित यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली, जानकीचट्टी, हनुमानचट्टी, राना, सरनौल, राड़ी आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। वहीं यमुनाघाटी क्षेत्र के निचले इलाकों में राजगढ़ी, बड़कोट, नौगांव, डामटा, खरादी आदि में सुबह से शाम तक पूरे दिन भर बारिश होती रही। लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण दिन भर क्षेत्र में जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। बर्फबारी और बारिश से संपूर्ण क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया जिससे कड़ाके की ठंड के कारण लोगों के बुरा हाल है। ठंड इतनी बढ़ गई है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए।